K-Beauty: स्किनकेयर मार्केट में अमेरिका को झटका, इस देश ने मारी बाजी
K-Beauty: स्किनकेयर मार्केट में अमेरिका को झटका, इस देश ने मारी बाजी
South Korea Becomes Second Largest Beauty Exporter:दुनियाभर में इस समय साउथ कोरिया की ब्यूटी इंडस्ट्री का जबरदस्त दबदबा देखने को मिल रहा है. फेस मास्क से लेकर वायरल स्नेल म्यूसीन क्रीम तक, कोरियन स्किनकेयर प्रोडक्ट्स अब ग्लोबल मार्केट पर राज कर रहे हैं. बड़ी बात यह है कि साउथ कोरिया ने कॉस्मेटिक एक्सपोर्ट में अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ब्यूटी एक्सपोर्टर बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस लिस्ट में अब उससे आगे सिर्फ फ्रांस है.
के-ब्यूटी की इस शानदार सफलता के पीछे सबसे बड़ा रोल स्किनकेयर प्रोडक्ट्स का रहा. आंकड़ों के मुताबिक, सिर्फ बेसिक स्किनकेयर प्रोडक्ट्स ने ही 8.5 अरब डॉलर से ज्यादा का कारोबार किया, जो कुल एक्सपोर्ट का करीब 75 प्रतिशत है. खासतौर पर फेस मास्क और फेस पैक की डिमांड में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. वहीं लिपस्टिक, लिप बाम और मेकअप प्रोडक्ट्स की बिक्री भी तेजी से बढ़ रही है.
एक समय कोरियन ब्यूटी प्रोडक्ट्स को सिर्फ सस्ते और ट्रेंडी सामान के तौर पर देखा जाता था, लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है. इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का कहना है कि के-ब्यूटी अब कोई छोटा ट्रेंड नहीं, बल्कि ग्लोबल ब्यूटी मार्केट का स्थायी हिस्सा बन चुकी है. अमेरिका और यूरोप के ग्राहक भी अब कोरियन ब्रांड्स पर जमकर भरोसा दिखा रहे हैं.
साउथ कोरिया मिनिस्ट्री ऑफ फूड एंड ड्रग सेफ्टी के मुताबिक, पिछले साल के-ब्यूटी एक्सपोर्ट में 11.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह रिकॉर्ड 11.4 अरब डॉलर तक पहुंच गया. सबसे बड़ी बात यह रही कि कॉस्मेटिक ट्रेड सरप्लस पहली बार 10 अरब डॉलर के पार पहुंच गया. अकेले ब्यूटी इंडस्ट्री का योगदान देश के कुल व्यापार लाभ में करीब 13 प्रतिशत रहा.
सबसे बड़ा बदलाव एक्सपोर्ट मार्केट में देखने को मिला. पहले चीन कोरियन ब्यूटी ब्रांड्स का सबसे बड़ा खरीदार था, लेकिन अब अमेरिका ने उसकी जगह ले ली है. अमेरिकी ग्राहकों ने करीब 2.2 अरब डॉलर के कोरियन कॉस्मेटिक्स खरीदे, जो कुल एक्सपोर्ट का लगभग पांचवां हिस्सा है. वहीं चीन को होने वाले एक्सपोर्ट में गिरावट दर्ज की गई है.
यूरोप में भी के-ब्यूटी का जलवा लगातार बढ़ रहा है. पोलैंड में कोरियन कॉस्मेटिक्स की खरीद 115 प्रतिशत तक बढ़ गई, जबकि फ्रांस जैसे लग्जरी ब्यूटी मार्केट में भी कोरियन ब्रांड्स की डिमांड रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है. पेरिस के बड़े स्टोर्स में अब अलग से के-ब्यूटी सेक्शन बनाए जा रहे हैं, जहां ग्राहक कोरियन स्किनकेयर और मेकअप प्रोडक्ट्स खरीदने पहुंच रहे हैं.
यह भी पढ़े