LPG Crisis: पीएम मोदी पर केजरीवाल का हमला, बोले- उनकी गलती से 1 करोड़ लोग बेरोजगार

Updated on 2026-03-11T14:50:59+05:30

LPG Crisis: पीएम मोदी पर केजरीवाल का हमला, बोले- उनकी गलती से 1 करोड़ लोग बेरोजगार

LPG Crisis: पीएम मोदी पर केजरीवाल का हमला, बोले- उनकी गलती से 1 करोड़ लोग बेरोजगार

देश में कमर्शियल एलपीजी गैस की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि देश इस समय गंभीर संकट से गुजर रहा है और एलपीजी की भारी किल्लत हो गई है।

केजरीवाल के अनुसार, देश में एलपीजी की खपत का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा आयात किया जाता है और उसका बड़ा भाग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते आता है। मौजूदा हालात में इस सप्लाई पर असर पड़ा है, जिसके कारण देश में केवल 50–55 प्रतिशत एलपीजी ही उपलब्ध हो पा रही है।

उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर पड़ रहा है। सरकार के आदेश के बाद कई जगहों पर होटल और रेस्टोरेंट को कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई नहीं मिल रही है, जिसके कारण कई कारोबार बंद होने की स्थिति में हैं। उनके मुताबिक मुंबई में करीब 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और अगले कुछ दिनों में यह संख्या 50 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।

केजरीवाल ने दावा किया कि तमिलनाडु में करीब 10 हजार होटल बंद होने की कगार पर हैं, जबकि दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों में भी हजारों होटल प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शादी के मौसम में इस संकट से लोगों को काफी परेशानी हो सकती है।

उन्होंने गुजरात के मोरबी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की टाइल इंडस्ट्री में भी असर दिख रहा है। उनके मुताबिक 650 फैक्ट्रियों में से करीब 170 बंद हो चुकी हैं और करीब एक लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि पूरे देश में एक करोड़ से ज्यादा लोग बेरोजगार हो सकते हैं।

एलपीजी संकट की वजह बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि इजरायल और अमेरिका के ईरान पर हमले के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर तनाव बढ़ गया है। उनका कहना है कि इस वजह से तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि भारत को इस युद्ध में किसी एक पक्ष का समर्थन करने के बजाय तटस्थ रहना चाहिए था। केजरीवाल के अनुसार, सरकार के फैसलों के कारण ही मौजूदा स्थिति पैदा हुई है।

यह भी पढ़े 

Telangana Cyber Fraud:तेलंगाना में साइबर अपराध पर बड़ा एक्शन, ऑपरेशन क्रैकडाउन में 208 गिरफ्तार