Nepal PM Oath: नेपाल में सियासी हलचल तेज, आज बालेन शाह लेंगे पीएम पद की शपथ, जानें पूरा मंत्रिमंडल

Updated on 2026-03-27T11:26:58+05:30

Nepal PM Oath: नेपाल में सियासी हलचल तेज, आज बालेन शाह लेंगे पीएम पद की शपथ, जानें पूरा मंत्रिमंडल

Nepal PM Oath: नेपाल में सियासी हलचल तेज, आज बालेन शाह लेंगे पीएम पद की शपथ, जानें पूरा मंत्रिमंडल

नेपाल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। युवा नेता बालेन शाह शुक्रवार, 27 मार्च 2026 को देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। उनका शपथ ग्रहण समारोह कई मायनों में खास होने वाला है। तय कार्यक्रम के अनुसार, बालेन शाह भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 12:34 बजे शपथ लेंगे। इस दौरान पारंपरिक अंदाज में समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें 7 विशेष शंखों से शंखनाद होगा और 108 बटुक पुजारियों की मौजूदगी इस आयोजन को और भव्य बनाएगी।

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ने बालेन शाह को अपना संसदीय दल का नेता चुना है। हाल ही में हुए आम चुनाव में पार्टी ने 275 में से 182 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया है। नेपाल में करीब 27 साल बाद किसी एक पार्टी को इतना बड़ा जनादेश मिला है, जिससे नई सरकार को मजबूत समर्थन मिला है।

संभावित मंत्रिमंडल की बात करें तो बालेन शाह खुद प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्रालय भी संभाल सकते हैं। डिपि अर्याल को उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री बनाया जा सकता है, जबकि स्वर्णिम वाग्ले को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी मिल सकती है। इंदिरा राणामगर समाज कल्याण मंत्री, शिशिर खनाल विदेश मंत्री और मनिष झा संचार मंत्री के रूप में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा सुनिल लंसाल को भौतिक, सस्मित पोखरेल को शिक्षा, सोविता गौतम को कानून, हरि ढकाल को कृषि, अमरेश कुमार सिंह को भूमि और सागर ढकाल को ऊर्जा मंत्रालय दिया जा सकता है। युवा मामलों की जिम्मेदारी सुदन गुरुङ को मिल सकती है। अन्य संभावित नामों में समीक्षा बास्कोटा और रोहबर अंसारी भी शामिल हैं।

बालेन शाह का पूरा नाम बालेंद्र शाह है और वे नेपाल के एक युवा और लोकप्रिय चेहरे के रूप में उभरे हैं। वे पेशे से सिविल इंजीनियर हैं और राजनीति में आने से पहले रैपर के रूप में भी पहचान बना चुके हैं। उनके गानों में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दे उठाए जाते थे, जिससे वे खासकर युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुए।

साल 2022 में उन्होंने काठमांडू महानगरपालिका का चुनाव एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लड़ा और बड़ी जीत हासिल की। इस जीत ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। अब प्रधानमंत्री बनने जा रहे बालेन शाह से देश के युवाओं और आम जनता को नई उम्मीदें हैं।

यह भी पढ़े 

ट्रंप की शांति अपील बेअसर! ईरान का अल्टीमेटम—गारंटी दो, वरना जवाब होगा खतरनाक