नीतीश के इस्तीफे पर फर्जी हस्ताक्षर का दावा, RJD का बड़ा हमला

Updated on 2026-03-31T12:22:27+05:30

नीतीश के इस्तीफे पर फर्जी हस्ताक्षर का दावा, RJD का बड़ा हमला

नीतीश के इस्तीफे पर फर्जी हस्ताक्षर का दावा, RJD का बड़ा हमला

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार, 30 मार्च 2026 को एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया. उनके इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. आरजेडी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने इस्तीफे पर किए गए हस्ताक्षर को लेकर सवाल उठाए हैं.

सुनील कुमार सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की. उन्होंने अपने पोस्ट में सीधे तौर पर नीतीश कुमार का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारा उन्हीं की ओर माना जा रहा है. उन्होंने लिखा कि छोटे पद का इस्तीफा भी अधिकृत अधिकारी के सामने दिया जाता है, इसलिए यह जांच होनी चाहिए कि इस्तीफे पर किए गए हस्ताक्षर असली हैं या नकली.

यह विवाद इसलिए सामने आया क्योंकि विधान परिषद में इस्तीफा पत्र जेडीयू के एमएलसी संजय गांधी लेकर पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा उनके माध्यम से भेजा था, जिसे स्वीकार भी कर लिया गया. इसी प्रक्रिया को लेकर आरजेडी ने सवाल उठाए हैं और पारदर्शिता की मांग की है.

इसके अलावा, सुनील कुमार सिंह ने नीतीश कुमार के करीबी नेता अशोक चौधरी पर भी निशाना साधा. उन्होंने बिना नाम लिए तंज कसते हुए लिखा कि “ब्लूटूथ बच्चा के घड़ियाली आंसू का मतलब क्या है? जो पूरी पटकथा का एक साजिशकर्ता है.” माना जा रहा है कि यह टिप्पणी अशोक चौधरी पर की गई है, जो इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत में भावुक नजर आए थे.

गौरतलब है कि नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, वे 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं. इसके बाद उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की अटकलें भी तेज हो गई हैं. फिलहाल उन्होंने सिर्फ एमएलसी पद छोड़ा है.

अब बिहार की राजनीति में यह बड़ा सवाल बन गया है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से कब इस्तीफा देंगे. साथ ही, अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. आने वाले दिनों में राज्य की सियासत में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

यह भी पढ़े 

प्रोजेक्ट कुशा: भारत का देसी S-400 कब होगा तैयार, कितनी ताकतवर होगी ये ढाल?