NEET UG 2026 री-एग्जाम के दिन पटना में सख्ती, प्रशासन का बड़ा फैसला

Updated on 2026-06-11T13:28:16+05:30

NEET UG 2026 री-एग्जाम के दिन पटना में सख्ती, प्रशासन का बड़ा फैसला

NEET UG 2026 री-एग्जाम के दिन पटना में सख्ती, प्रशासन का बड़ा फैसला

पटना में खान सर की ग्लोबल स्टडीज और रोशन आनंद की ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच विवाद के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 21 जून को होने वाली NEET UG 2026 री-एग्जाम के दिन शहर के सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

46 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

पेपर लीक के बाद आयोजित हो रही इस पुनर्परीक्षा के लिए पटना जिले में 95 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं।

गड़बड़ी हुई तो तुरंत दर्ज होगी FIR

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि परीक्षा से पहले या परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही, नकल, फर्जीवाड़ा या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति कदाचार में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे रहेगी नजर

अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय कर दिया गया है। परीक्षा से जुड़े हर पोस्ट, मैसेज और वायरल कंटेंट पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने और स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

छात्रों को मिलेगी मुफ्त बस सेवा

बिहार सरकार के निर्देश पर NEET अभ्यर्थियों को बीएसआरटीसी की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, मेडिकल सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

गर्मी से राहत के भी इंतजाम

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। अभिभावकों और छात्रों की सुविधा के लिए केंद्रों से 100 मीटर की दूरी पर छायादार स्थान बनाए जाएंगे, ताकि उन्हें धूप और गर्मी से राहत मिल सके।

NEET री-एग्जाम को लेकर पटना प्रशासन इस बार कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है। सुरक्षा, निगरानी और सुविधाओं के साथ परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने की तैयारी की गई है।

यह भी पढ़े 

Patna Firing Case: खान सर को बड़ी राहत, पटना कोर्ट ने गिरफ्तारी रोकी