फोन चार्जिंग की ये गलतियां बैटरी खत्म करें, परफॉर्मेंस भी गिराएंगी

Updated on 2026-02-05T17:42:58+05:30

फोन चार्जिंग की ये गलतियां बैटरी खत्म करें, परफॉर्मेंस भी गिराएंगी

फोन चार्जिंग की ये गलतियां बैटरी खत्म करें, परफॉर्मेंस भी गिराएंगी

स्मार्टफोन आज हमारी दिनचर्या का अहम हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसकी देखभाल को लेकर हम अक्सर लापरवाह हो जाते हैं। खासतौर पर फोन की चार्जिंग को लेकर लोग ज्यादा ध्यान नहीं देते। कई लोग फोन को तब चार्ज करते हैं जब वह पूरी तरह बंद हो जाता है, जबकि कुछ लोग फोन को चार्जिंग पर लगाकर घंटों छोड़ देते हैं। ये दोनों आदतें धीरे-धीरे फोन की बैटरी और परफॉर्मेंस को नुकसान पहुंचाती हैं। 

आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में लिथियम-आयन बैटरियां इस्तेमाल होती हैं। इन बैटरियों की उम्र समय से नहीं, बल्कि चार्ज साइकिल से तय होती है। जब बैटरी 100 प्रतिशत चार्ज होकर फिर पूरी तरह 0 प्रतिशत तक डिस्चार्ज होती है, तो इसे एक चार्ज साइकिल माना जाता है। अगर आप बार-बार फोन को फुल चार्ज कर पूरी तरह डिस्चार्ज होने देते हैं, तो बैटरी के चार्ज साइकिल तेजी से खत्म होने लगते हैं। इससे बैटरी की हेल्थ जल्दी गिरती है और उसकी लाइफ कम हो जाती है। 

विशेषज्ञों के अनुसार, लिथियम-आयन बैटरी के लिए सबसे सुरक्षित रेंज 20 प्रतिशत से 80 प्रतिशत के बीच मानी जाती है। यानी फोन को पूरी तरह 0 पर लाने या 100 पर घंटों छोड़ने की बजाय बीच-बीच में चार्ज करना ज्यादा फायदेमंद होता है। इससे बैटरी पर कम दबाव पड़ता है और उसकी उम्र बढ़ती है। 

फोन को रातभर चार्जिंग पर छोड़ देना भी एक आम गलती है। भले ही आधुनिक स्मार्टफोन में ओवरचार्ज प्रोटेक्शन होता है, लेकिन लंबे समय तक 100 प्रतिशत पर प्लग-इन रहने से बैटरी गर्म होती रहती है। यह गर्मी बैटरी के केमिकल स्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाती है। यही कारण है कि कुछ समय बाद बैटरी जल्दी डाउन होने लगती है। 

बैटरी की खराब सेहत का असर सीधे फोन की परफॉर्मेंस पर भी पड़ता है। जब बैटरी स्थिर पावर सप्लाई नहीं कर पाती, तो फोन का सिस्टम प्रोसेसर की स्पीड को कम कर देता है, ताकि बैटरी पर ज्यादा दबाव न पड़े। इसका परिणाम यह होता है कि ऐप्स खुलने में समय लेते हैं, फोन स्लो हो जाता है और ब्राइटनेस जैसी सुविधाएं सीमित हो जाती हैं। 

सही चार्जर का इस्तेमाल भी बेहद जरूरी है। लोकल या सस्ते चार्जर व केबल से चार्ज करने पर वोल्टेज में अस्थिरता आ सकती है, जो बैटरी के लिए हानिकारक है। हमेशा कंपनी के ओरिजिनल या प्रमाणित चार्जर का ही उपयोग करें। 

इसके अलावा, गेम खेलते समय या भारी ऐप्स चलाते हुए फोन को चार्जिंग पर लगाना भी बैटरी के लिए नुकसानदेह है। इस दौरान फोन ज्यादा गर्म होता है, जो बैटरी लाइफ पर नकारात्मक असर डालता है। 

छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर आप अपने फोन की बैटरी लाइफ और परफॉर्मेंस को लंबे समय तक बेहतर बनाए रख सकते हैं। सही समय पर चार्ज करना, ओवरचार्जिंग से बचना और ओरिजिनल एक्सेसरीज का इस्तेमाल करना आपके स्मार्टफोन को लंबे समय तक स्वस्थ रखेगा। 

यह भी पढ़े 

अब जेमिनी करेगा आपके काम, ऐप्स खुद चलाएगा बोलते ही