करंसी की वैल्यू क्यों बदलती है? समझें इसके पांच बड़े कारण

Updated on 2026-01-19T18:08:45+05:30

करंसी की वैल्यू क्यों बदलती है? समझें इसके पांच बड़े कारण

करंसी की वैल्यू क्यों बदलती है? समझें इसके पांच बड़े कारण

अक्सर खबरों में सुनने को मिलता है कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया कमजोर हो गया या मजबूत हो गया. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि किसी देश की करंसी की वैल्यू आखिर बदलती क्यों है? दरअसल, करंसी की कीमत शेयर बाजार की तरह रोज़ बदलती रहती है और इसके पीछे कई आर्थिक कारण होते हैं. आसान भाषा में समझते हैं वे पांच बड़े फैक्टर जो किसी भी करंसी की ताकत तय करते हैं. 

1. मांग और आपूर्ति (Demand & Supply) 

करंसी की वैल्यू का सबसे बड़ा नियम यही है- जिसकी मांग ज्यादा, उसकी कीमत ज्यादा. जब विदेशी निवेशक भारत में निवेश करने आते हैं, तो उन्हें डॉलर बेचकर रुपये खरीदने पड़ते हैं. इससे रुपये की मांग बढ़ती है और वह मजबूत होता है. वहीं अगर लोग ज्यादा डॉलर खरीद रहे हैं (जैसे विदेश यात्रा, आयात आदि के लिए), तो रुपये की मांग घटती है और वह कमजोर होता है. 

2. महंगाई दर (Inflation) 

जिस देश में महंगाई ज्यादा होती है, वहां की करंसी धीरे-धीरे कमजोर होती जाती है. कारण साफ है— महंगाई बढ़ने से उस देश की चीजें महंगी हो जाती हैं, जिससे विदेशी खरीदार कम हो जाते हैं. इससे उस देश की करंसी की मांग भी घट जाती है. इसलिए कम महंगाई वाली अर्थव्यवस्था की मुद्रा मजबूत मानी जाती है. 

3. ब्याज दरें (Interest Rates ) 

देश का केंद्रीय बैंक जब ब्याज दरें बढ़ाता है, तो विदेशी निवेशकों को वहां पैसा लगाना फायदेमंद लगता है. इससे वे उस देश की करंसी खरीदते हैं और मुद्रा मजबूत होती है. अगर ब्याज दरें कम होती हैं, तो निवेश घटता है और करंसी कमजोर पड़ती है. यही वजह है कि RBI और US Federal Reserve की नीतियां सीधे रुपये पर असर डालती हैं. 

4. आयात-निर्यात (Trade Balance ) 

मुद्रा की 

अगर कोई देश ज्यादा सामान बाहर से खरीदता है (आयात) और कम बेचता है (निर्यात), तो उसे ज्यादा विदेशी जरूरत पड़ती है. इससे उसकी अपनी करंसी कमजोर होती है. भारत जैसे देशों में तेल का आयात बहुत ज्यादा है, इसलिए 

डॉलर की मांग बढ़ती है और रुपया दबाव में आता है. 

5. निवेशकों का भरोसा और राजनीतिक स्थिरता 

करंसी सिर्फ अर्थव्यवस्था से नहीं, बल्कि भरोसे से भी चलती है. अगर किसी देश में राजनीतिक अस्थिरता, युद्ध या आर्थिक संकट होता है, तो निवेशक वहां से पैसा निकाल लेते हैं. इससे करंसी गिर जाती है. मजबूत सरकार और स्थिर नीतियां करंसी को सहारा देती हैं. 

करंसी की वैल्यू एक दिन में नहीं बदलती, बल्कि कई आर्थिक और वैश्विक कारकों के असर से ऊपर-नीचे होती रहती है. इसलिए डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत या कमजोर होना देश की आर्थिक सेहत का संकेत माना जाता है.

यह भी पढ़ें 

क्या यही है साल की सबसे धमाकेदार लिस्टिंग