सर्दियों में हाइड्रेशन का हल: ये पांच गर्म ड्रिंक रहेंगी फायदेमंद
सर्दियों में हाइड्रेशन का हल: ये पांच गर्म ड्रिंक रहेंगी फायदेमंद
सर्दियों का मौसम आते ही लोगों की पानी पीने की आदत अपने आप कम हो जाती है। ठंड में प्यास कम लगती है और ठंडा पानी पीने से कई लोग बचते हैं। नतीजा यह होता है कि शरीर धीरे-धीरे डिहाइड्रेशन की ओर बढ़ने लगता है। इसका असर सिरदर्द, थकान, स्किन ड्रायनेस और पाचन से जुड़ी समस्याओं के रूप में दिख सकता है। ऐसे में जरूरी है कि हाइड्रेशन के लिए सिर्फ सादा पानी पर निर्भर न रहा जाए, बल्कि कुछ ऐसी गर्म ड्रिंक्स को डाइट में शामिल किया जाए, जो शरीर को पानी भी दें और न्यूट्रिएंट्स भी ।
सर्दियों में यह चिंता आम होती है कि ज्यादा लिक्विड लेने से ठंड लग सकती है, लेकिन अगर ड्रिंक्स गर्म और हल्की हों, तो वे शरीर को नुकसान नहीं बल्कि फायदा पहुंचाती हैं। खास बात यह है कि बहुत ज्यादा पानी पीने से होने वाली उलझन, जैसे जी मिचलाना या सिरदर्द, इन ड्रिंक्स से नहीं होती।
ग्रीन टी सर्दियों में हाइड्रेशन का अच्छा विकल्प मानी जाती है। हालांकि इसमें थोड़ी मात्रा में कैफीन होता है, लेकिन यह एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है। ग्रीन टी शरीर को हल्का रखती है, मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट करती है और बिना भारीपन के तरल की कमी को पूरा करती है। यही वजह है कि ठंड में चाय-कॉफी की जगह ग्रीन टी बेहतर मानी जाती है।
हल्दी वाला दूध सर्दियों की सबसे भरोसेमंद ड्रिंक मानी जाती है। यह न सिर्फ शरीर को गर्म रखता है, बल्कि हाइड्रेशन में भी मदद करता है। दूध से कैल्शियम, विटामिन बी12 और प्रोटीन मिलता है, जबकि हल्दी इम्युनिटी को सपोर्ट करती है। इसमें थोड़ी सी काली मिर्च मिलाने से इसके पोषक तत्वों का अवशोषण और बेहतर हो जाता है।
फूलों से बनने वाली हर्बल चाय भी सर्दियों में शरीर को हाइड्रेट रखने का अच्छा तरीका है। रोजहिप, कैमोमाइल, हिबिस्कस या अपराजिता फूल की चाय शरीर को सुकून देती है और स्ट्रेस कम करने में मदद करती है। ये ड्रिंक्स कैफीन-फ्री होती हैं, इसलिए इन्हें दिन में कभी भी पिया जा सकता है।
अदरक और नींबू की चाय ठंड के मौसम में खास तौर पर फायदेमंद मानी जाती है। अदरक शरीर को गर्म रखता है और पाचन सुधारता है, जबकि नींबू विटामिन सी का अच्छा स्रोत है। यह ड्रिंक न सिर्फ हाइड्रेशन बनाए रखती है, बल्कि जी मिचलाना, गैस और सुस्ती जैसी समस्याओं से भी राहत दिलाती है।
सुबह की शुरुआत अगर गुनगुने हनी- लेमन ड्रिंक से की जाए, तो शरीर को दिन की शुरुआत में ही पर्याप्त तरल मिल जाता है। गुनगुने पानी में नींबू और शहद मिलाकर पीने से डिटॉक्स में मदद मिलती है और शरीर हल्का महसूस करता है। यह ड्रिंक वेट मैनेजमेंट और स्किन हेल्थ के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है।
कुल मिलाकर, सर्दियों में हाइड्रेट रहने के लिए ठंडे पानी से डरने की जरूरत नहीं है। बस स्मार्ट तरीके से गर्म और पोषक ड्रिंक्स को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इससे शरीर में पानी की कमी भी नहीं होगी और जरूरी न्यूट्रिएंट्स भी मिलते रहेंगे।
यह भी पढ़े