Last Updated Jan - 23 - 2026, 12:47 PM | Source : Fela News
ठंड और नमी में पौधों पर फंगस आम समस्या है। नीम, बेकिंग सोडा और दालचीनी जैसे घरेलू उपाय पौधों को स्वस्थ रख सकते हैं।
सर्दियों का मौसम जहां एक तरफ पौधों के लिए सुकून लेकर आता है, वहीं दूसरी ओर फंगस और कीड़ों की समस्या भी बढ़ा देता है। ठंड के दिनों में धूप कम निकलती है, नमी ज्यादा रहती है और मिट्टी लंबे समय तक गीली बनी रहती है। यही वजह है कि पौधों की पत्तियों, तनों और मिट्टी पर फफूंद जल्दी पनपने लगती है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो पौधे धीरे-धीरे कमजोर होकर सूखने लगते हैं।
सर्दियों में फंगस लगने की सबसे बड़ी वजह जरूरत से ज्यादा पानी देना है। कई लोग ठंड में भी वही सिंचाई रूटीन फॉलो करते हैं, जो गर्मियों में किया जाता है। इससे मिट्टी में हवा का फ्लो रुक जाता है और जड़ों के आसपास नमी जमा हो जाती है। इसके अलावा पौधों को ऐसी जगह रखना जहां हवा का सही आवागमन न हो, यह भी फंगस को बढ़ावा देता है।
फंगस की पहचान करना बहुत जरूरी है। अगर पत्तियों पर सफेद या काले छोटे-छोटे धब्बे दिखें, तने पर फजी लेयर नजर आए या पत्तियां अचानक मुरझाने लगें, तो समझ जाना चाहिए कि पौधे पर फंगस हमला कर चुकी है। अच्छी बात यह है कि इससे बचाव के लिए आपको महंगे केमिकल्स की जरूरत नहीं, बल्कि कुछ घरेलू और नेचुरल चीजें ही काफी हैं।
नीम का इस्तेमाल पौधों की देखभाल में सदियों से किया जा रहा है। नीम में एंटीफंगल और कीटनाशक गुण पाए जाते हैं। आप नीम की सूखी पत्तियों को पीसकर उसका पाउडर मिट्टी में मिला सकते हैं। इसके अलावा नीम ऑयल को पानी में मिलाकर पत्तियों और तनों पर हल्का स्प्रे करें। यह न सिर्फ फंगस को खत्म करता है बल्कि भविष्य में कीड़े लगने से भी बचाता है।
बेकिंग सोडा भी फंगस के खिलाफ असरदार उपाय है, लेकिन इसका इस्तेमाल सीमित मात्रा में करना चाहिए। एक लीटर पानी में एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर इस घोल का छिड़काव पत्तियों पर करें। यह फंगस की ग्रोथ को रोकता है। ध्यान रखें कि ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल करने से मिट्टी क्षारीय हो सकती है, जिससे पौधों की ग्रोथ प्रभावित होती है।
दालचीनी एक और बेहतरीन नेचुरल फफूंदनाशक है। इसमें मौजूद एंटीफंगल गुण मिट्टी में मौजूद फंगस को खत्म करने में मदद करते हैं। आधा चम्मच दालचीनी पाउडर को आधे कप पानी में घोलकर स्प्रे बोतल में भर लें और इसे पौधों पर छिड़कें। यह उपाय न सिर्फ फंगस बल्कि चींटियों और छोटे कीड़ों को भी दूर रखता है।
इन उपायों के साथ-साथ कुछ सावधानियां भी जरूरी हैं। सर्दियों में पौधों को सुबह की हल्की धूप जरूर दिलाएं, पानी तभी दें जब मिट्टी ऊपर से सूखी लगे और गमलों में जल निकासी सही रखें। सही देखभाल और नेचुरल उपायों के साथ आपके पौधे सर्दियों में भी हरे-भरे और स्वस्थ बने रहेंगे।
यह भी पढ़े