Last Updated Jun - 03 - 2026, 05:02 PM | Source : Fela News
Cognitive Performance: शादी या बड़े इवेंट से पहले अपनाएं स्लीप बैंकिंग ट्रिक। कुछ दिनों तक अतिरिक्त नींद लेकर शरीर को तैयार करें, ताकि नींद कम होने पर भी थकान, तनाव और सुस्ती आप पर हावी न हो।
What Is Sleep Banking And How Does It Work: शादी-ब्याह की तैयारियां हों, लंबी यात्रा का प्लान हो या ऑफिस का कोई बड़ा प्रोजेक्ट, ऐसे मौके अक्सर लोगों की नींद छीन लेते हैं. लगातार भागदौड़ और व्यस्त शेड्यूल के कारण शरीर को पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता, जिससे थकान, तनाव और काम की क्षमता पर असर पड़ता है. लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों से पहले एक खास रणनीति अपनाकर खुद को अधिक फिट और फ्रेश रखा जा सकता है. इसे ‘स्लीप बैंकिंग’ कहा जाता है.
क्या है स्लीप बैंकिंग?
स्लीप बैंकिंग का मतलब है आने वाले दिनों में नींद कम होने की संभावना को देखते हुए पहले से कुछ दिनों तक अतिरिक्त नींद लेना. आसान शब्दों में कहें तो जैसे लोग जरूरत के समय के लिए पैसे बचाते हैं, उसी तरह शरीर के लिए पहले से नींद “जमा” करने की कोशिश की जाती है. विशेषज्ञों के मुताबिक यह तरीका अस्थायी रूप से नींद की कमी के प्रभाव को कम करने में मदद कर सकता है.
रिसर्च में क्या सामने आया?
जर्नल ऑफ क्लीनिकल स्लीप मेडिसिन में प्रकाशित एक अध्ययन में स्लीप बैंकिंग के फायदे सामने आए हैं. रिसर्च में 23 इंटरनल मेडिसिन रेजिडेंट डॉक्टरों को शामिल किया गया, जिन्हें नाइट शिफ्ट में काम करना था.
अध्ययन में पाया गया कि जो प्रतिभागी नाइट शिफ्ट शुरू होने से पहले सामान्य दिनों की तुलना में अधिक सोए थे, उनका प्रदर्शन बेहतर रहा. शोधकर्ताओं के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति व्यस्त अवधि से पहले लगातार कुछ दिनों तक 8 घंटे से अधिक नींद लेता है, तो उसकी कार्यक्षमता, फोकस और निर्णय लेने की क्षमता बेहतर बनी रह सकती है.
स्लीप बैंकिंग के फायदे
लंबे समय तक काम करने पर भी ऊर्जा बनी रहती है
नींद की कमी क्यों है खतरनाक?
विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार नींद पूरी न होने से केवल थकान ही नहीं होती, बल्कि कई गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है. इनमें टाइप-2 डायबिटीज, मोटापा, हृदय रोग, स्ट्रोक और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं शामिल हैं.
सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के अनुसार, हर तीन में से एक वयस्क व्यक्ति रात में अनुशंसित 7 से 9 घंटे की नींद नहीं ले पाता.
एक्सपर्ट्स की सलाह
अगर आने वाले दिनों में शादी, यात्रा, परीक्षा, नाइट शिफ्ट या कोई बड़ा काम है, तो उससे पहले कुछ दिनों तक अपनी नींद का समय बढ़ाने की कोशिश करें. स्लीप बैंकिंग कोई स्थायी समाधान नहीं है, लेकिन यह कम नींद वाले व्यस्त दिनों में शरीर और दिमाग को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद कर सकती है.