Last Updated Feb - 16 - 2026, 12:41 PM | Source : Fela News
बिहार के दो अलग जिलों में मामूली विवाद हिंसा में बदल गया। दूध और बच्चों के झगड़े ने दो परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी, पुलिस जांच जारी।
बिहार के दो अलग-अलग जिलों में मामूली विवादों ने हिंसक रूप ले लिया और दो लोगों की जान चली गई। पहली घटना शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव की है, जहां केवल दो लीटर दूध को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बुजुर्ग की हत्या तक पहुंच गया।
वहीं दूसरी घटना समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां बच्चों के झगड़े में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इन दोनों घटनाओं ने पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
शिवहर में शनिवार रात 65 वर्षीय बच्चू सिंह की हत्या ने गांव को झकझोर कर रख दिया। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी पड़ोसी आकाश कुमार सुबह बच्चू सिंह के पास दूध लेने पहुंचा था। जब बच्चू सिंह ने दूध देने में असमर्थता जताई, तो दोनों के बीच क कहासुनी हो गई। दिनभर मामला शांत रहा, लेकिन शाम होते-होते विवाद फिर भड़क उठा। आरोप है कि गुस्से में आकर आकाश कुमार ने पास में पड़ी ईट उठाकर बच्चू सिंह के सिर पर हमला कर दिया।
गंभीर चोट लगने से बच्चू सिंह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बच्चू सिंह अविवाहित थे और अपने परिवार के साथ खेती और पशुपालन करते थे।
गांव में उन्हें एक शांत और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाना जाता था।
दूसरी घटना समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केवटा वार्ड-9 में रविवार को हुई। यहां बच्चों के बीच खेलने के दौरान हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, बच्चों के झगड़े में दोनों पक्षों की महिलाएं भी शामिल हो गई और देखते ही देखते मामला बड़ों तक पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने 25 वर्षीय सुरो राय उर्फ सुटो राय पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल सुरो राय को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बार्तो पर बढ़ती हिंसा समाज के लिए कितनी खतरनाक साबित हो सकती है।मामूली विवादों का इस तरह जानलेवा रूप लेना चिंता का विषय है, जिस पर समाज और प्रशासन दोनों को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
यह भी पढ़े