Last Updated Apr - 04 - 2025, 11:44 AM | Source : Fela News
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 800 अंक गिर गया, जबकि निफ्टी में भी 300 अंकों की गिरावट आई।
अमेरिका के नए टैरिफ का असर लगातार दूसरे दिन भारतीय बाजारों पर दिखा। कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा गिर गया, जबकि निफ्टी में भी 300 अंकों की गिरावट आई। रुपये की कीमत भी गिरकर 84.99 प्रति डॉलर पर पहुंच गई।
इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत 60 देशों पर 27% जवाबी शुल्क लगाने का ऐलान किया था, जिससे भारतीय बाजारों में भारी गिरावट आई। आईटी शेयरों में बिकवाली और कमजोर वैश्विक रुख के चलते सेंसेक्स 322 अंक लुढ़ककर 76,295 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 82 अंकों की गिरावट के साथ 23,250 पर बंद हुआ।
ट्रंप के इस फैसले का असर अमेरिकी शेयर बाजारों पर भी दिखा। S&P 500 इंडेक्स 4.8% गिरा, जिससे 2.4 ट्रिलियन डॉलर (करीब 200 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ। डॉउ जोन्स 1679 अंक यानी 4% गिरा, जबकि नैस्डैक कंपोजिट में 6% की गिरावट आई। कमजोर अर्थव्यवस्था और महंगाई की आशंका के कारण अमेरिकी बाजार में भारी उथल-पुथल मची। हालांकि, सोने की कीमत बढ़ी, क्योंकि निवेशकों ने इसे सुरक्षित विकल्प माना।