Last Updated Jun - 05 - 2025, 10:33 AM | Source : Fela News
Gold Price: अमेरिका की फाइनेंशियल कंपनी मोर्निंगस्टार ने कहा है कि आने वाले कुछ सालों में सोने की कीमतों में 38% तक की गिरावट हो सकती है।
Gold Price: सोने की कीमतें अब अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं और अगले दो महीनों में इसमें 12 से 15 फीसदी तक की गिरावट आ सकती है। यह अनुमान क्वांट म्यूचुअल फंड ने लगाया है। हालांकि, फंड का मानना है कि मिड और लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए सोना अब भी जरूरी निवेश विकल्प रहेगा।
गिरावट के संकेत मिलने लगे हैं
अभी रिटेल बाजार में सोने की कीमत 96,960 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जो GST जोड़ने के बाद करीब 99,868 रुपये तक पहुंच रही है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले हफ्तों में इसमें अच्छी-खासी गिरावट हो सकती है।
मॉर्निंगस्टार का बड़ा दावा
अमेरिका की वित्तीय सलाह कंपनी मॉर्निंगस्टार ने कहा है कि अगले कुछ सालों में सोने की कीमत में 38% तक की गिरावट हो सकती है।
सोना महंगा, गहनों की बिक्री घटी
सोने की बढ़ती कीमतों से ज्वैलर्स की बिक्री पर असर पड़ा है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, पिछले 15 दिनों में गहनों की बिक्री में 30% की गिरावट आई है। इसकी वजह हाल ही में आई 5% तक की कीमतों की तेजी है।
अक्षय तृतीया के बाद खरीदारों का रुख बदला
IBJA के सेक्रेटरी सुरेंद्र मेहता के मुताबिक, अक्षय तृतीया के समय थोड़ी डिमांड दिखी थी क्योंकि तब सोना ₹92,365 प्रति 10 ग्राम तक गिर गया था। लेकिन उसके बाद कीमतें बढ़ीं और लोग खरीदारी से पीछे हटने लगे।
अब गिरावट क्यों आ सकती है?
हाल में सोने की कीमतें वैश्विक अनिश्चितता, महंगाई और अमेरिका-चीन के बीच तनाव के कारण बढ़ीं थीं। लेकिन अब यही वजहें कीमतों में गिरावट ला सकती हैं। अमेरिका और चीन के बीच फिर से तनाव बढ़ रहा है। ट्रंप ने चीन पर समझौते तोड़ने का आरोप लगाया है और शी जिनपिंग से फोन पर बात की संभावना जताई गई है।
यूरोप भी अमेरिका से नाराज
यूरोपीय संघ चाहता है कि अमेरिका टैक्स कम करे, लेकिन अमेरिका स्टील और एल्यूमिनियम पर 50% टैक्स लगाने की तैयारी में है। अमेरिका अन्य देशों से भी जल्द जवाब मांग रहा है ताकि बातचीत तेज हो सके।
निवेशकों के लिए सलाह
Quant Mutual Fund का कहना है कि निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में सोना जरूर रखना चाहिए, लेकिन अगले कुछ महीनों के लिए सतर्क रहना जरूरी है। जिन लोगों ने ऊंचे दाम पर सोना खरीदा है, उन्हें संभावित गिरावट के लिए तैयार रहना चाहिए।