Last Updated May - 23 - 2026, 04:18 PM | Source : Fela News
IFS Shreya Tyagi Success Story: जहां UPSC में एक बार सफलता पाना मुश्किल माना जाता है, वहीं यूपी की श्रेया त्यागी ने 4 बार परीक्षा पास कर इतिहास रच दिया. आखिर में उनका चयन भारतीय विदेश सेवा में हुआ.
भारत की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिनी जाने वाली UPSC सिविल सेवा परीक्षा को पास करना लाखों युवाओं का सपना होता है. हर साल लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन कुछ हजार अभ्यर्थी ही इंटरव्यू तक पहुंच पाते हैं. ऐसे में अगर कोई उम्मीदवार एक बार नहीं बल्कि 4 बार UPSC परीक्षा पास करे, तो यह किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं माना जाता. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली श्रेया त्यागी ने अपनी मेहनत और लगातार प्रयास से यही कर दिखाया है.
कौन हैं श्रेया त्यागी?
श्रेया त्यागी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली हैं. वह बचपन से ही पढ़ाई में बेहद तेज रही हैं. हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में उन्होंने 90 प्रतिशत अंक हासिल किए थे, जबकि इंटरमीडिएट में भी शानदार प्रदर्शन किया था. श्रेया के पिता सुधीर कुमार त्यागी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में अधिकारी हैं.
दिल्ली यूनिवर्सिटी और JNU से की पढ़ाई
श्रेया ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया. इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने का फैसला लिया.
UPSC की तैयारी के दौरान श्रेया ने बेहद अनुशासित जीवनशैली अपनाई. उन्होंने अपनी दिनचर्या को पूरी तरह पढ़ाई के हिसाब से मैनेज किया और रोजाना 8 से 9 घंटे तक पढ़ाई की.
पहले प्रयास में मिली सफलता
साल 2021 में श्रेया ने पहली बार UPSC परीक्षा दी थी. खास बात यह रही कि उन्होंने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली. हालांकि उनका नाम वेटिंग लिस्ट में था और बाद में उनका चयन इंडियन कॉमर्स सर्विस में हुआ, लेकिन श्रेया का सपना इससे बड़ा था.
दूसरे और तीसरे प्रयास में भी किया कमाल
अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए श्रेया ने दोबारा परीक्षा देने का फैसला किया. साल 2022 में उन्होंने दूसरी बार UPSC परीक्षा दी और ऑल इंडिया 319वीं रैंक हासिल की. इस बार उनका चयन इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विस (IDAS) के लिए हुआ.
इसके बाद भी श्रेया नहीं रुकीं. तीसरे प्रयास में उन्होंने 123वीं रैंक हासिल की और उनका चयन कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में हुआ. हालांकि उनका अंतिम लक्ष्य भारतीय विदेश सेवा (IFS) था.
चौथे प्रयास में पूरा हुआ सपना
लगातार मेहनत और धैर्य के बाद चौथे प्रयास में श्रेया ने बड़ी सफलता हासिल की. उन्होंने UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया 31वीं रैंक हासिल की और भारतीय विदेश सेवा (IFS) के लिए चुनी गईं.
श्रेया ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने सिर्फ पढ़ाई पर ही ध्यान नहीं दिया, बल्कि अपने शौक भी जारी रखे. उन्हें खाना बनाना और ट्रैवल करना पसंद है. इसके अलावा उन्होंने मॉक टेस्ट और नियमित अभ्यास को अपनी तैयारी का अहम हिस्सा बनाया.
श्रेया त्यागी की सफलता से क्या सीख मिलती है?
आज श्रेया त्यागी लाखों UPSC अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं. उनकी कहानी बताती है कि अगर मेहनत और जुनून सच्चा हो, तो कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है.
यह भी पढ़े