Last Updated Feb - 24 - 2025, 03:35 PM | Source : Fela News
डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर निशाना साधते हुए 182 करोड़ रुपये की फंडिंग पर सवाल उठाया, वहीं एलोन मस्क की DOGE ने 15 प्रोग्राम्स की फंडिंग बंद कर दी, जिसमें भारत भी
दूसरी बार राष्ट्रपति बने डोनाल्ड ट्रंप को अभी एक महीना भी नहीं हुआ, लेकिन उन्होंने दुनियाभर की राजनीति में हलचल मचा दी है। उन्होंने कभी कनाडा और गल्फ ऑफ मेक्सिको को अमेरिका में शामिल करने की बात छेड़ी, तो कभी ट्रेड और टैरिफ के मुद्दे पर चीन से लेकर पनामा तक विवाद खड़ा कर दिया।
इसके साथ ही, वे भारत पर भी लगातार निशाना साध रहे हैं और पिछले एक हफ्ते से रोजाना भारत को लेकर बयान दे रहे हैं। लेकिन सवाल यह है—आखिर क्यों?
एलोन मस्क की DOGE ने 15 प्रोग्राम्स की फंडिंग बंद कर दी, जिसमें भारत को मिलने वाले 182 करोड़ रुपये भी शामिल थे। ट्रंप ने सवाल उठाया कि भारत, जो उच्च टैरिफ लगाता है और समृद्ध देश है, उसे 21 मिलियन डॉलर क्यों दिए जा रहे हैं। उन्होंने भारत और पीएम मोदी का सम्मान जताया लेकिन फंडिंग पर आपत्ति जताई। अगले दिन, ट्रंप ने कहा कि बाइडेन सरकार का यह पैसा भारत में वोटर टर्नआउट बढ़ाने और किसी को चुनाव जिताने के लिए था।
ट्रंप को सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि BRICS से भी परेशानी है, जिसका भारत सदस्य है। हाल ही में उन्होंने कई बार BRICS पर नाराजगी जताई है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट कर कहा कि BRICS देश अमेरिकी डॉलर के वर्चस्व को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं, और अमेरिका अब तमाशबीन नहीं बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि अमेरिका नहीं चाहता कि ये "विरोधी देश" BRICS की नई करेंसी बनाएं या किसी अन्य करेंसी को समर्थन दें। अगर ऐसा हुआ, तो BRICS देशों पर 100% टैरिफ लगाया जाएगा।
ट्रंप ने साफ कहा कि BRICS देशों को समझना चाहिए कि वे अमेरिकी डॉलर को रिप्लेस नहीं कर सकते। अगर उन्होंने ऐसा करने की कोशिश की, तो उन पर भारी शुल्क लगाया जाएगा।
बता दें कि हाल ही में खबरें आई थीं कि BRICS देश अपनी नई करेंसी लॉन्च कर सकते हैं। अब ट्रंप ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए BRICS देशों को खुली चेतावनी दे दी है।