Last Updated Jun - 04 - 2025, 10:56 AM | Source : Fela News
भदोही के पूर्व बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह पर फर्जी बीएड डिग्री से नौकरी पाने का आरोप; महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने जांच के आदेश दिए, अधिकारी ने आरोपों को साजिश बता
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) भूपेंद्र नारायण सिंह पर फर्जी बीएड डिग्री के आधार पर सरकारी नौकरी प्राप्त करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने निदेशक माध्यमिक शिक्षा लखनऊ को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है ।
शिकायतकर्ता अशोक कुमार मिश्र और आरके तिवारी ने आरोप लगाया है कि भूपेंद्र नारायण सिंह ने पं. दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की फर्जी बीएड डिग्री और मार्कशीट के आधार पर 16 जनवरी 1991 को सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति प्राप्त की थी। इसके बाद वे विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे और वर्तमान में भदोही के बीएसए पद पर नियुक्त हैं ।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि सूचना का अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी में विश्वविद्यालय से अब तक कोई सत्यापन नहीं हो पाया है, जिससे संदेह और भी बढ़ गया है। शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि भूपेंद्र नारायण सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए और उनके शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की विश्वविद्यालय स्तर पर गहन जांच कराई जाए।
इस मामले में भूपेंद्र नारायण सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि यह उनके खिलाफ साजिश है और आरोप लगाने वाले ही फर्जी डिग्री पर सरकारी मास्टर बने हुए हैं ।
इस प्रकरण ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह राज्य सरकार को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान होगा, क्योंकि उन्होंने पिछले लगभग 35 वर्षों से विभिन्न सरकारी पदों पर सेवाएं देकर वेतन और अन्य लाभ प्राप्त किए हैं ।