Last Updated Jan - 17 - 2026, 12:29 PM | Source : Fela News
विवेक विहार में कार चोरों ने पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश की, भागते वक्त कई गाड़ियों को टक्कर मारी, जनता की मदद से तीन बदमाश गिरफ्तार।
देश की राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने से भी नहीं हिचक रहे । ताजा मामला पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके का है, जहां कार चोरों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम को बदमाशों ने कुचलने की कोशिश की। इस सनसनीखेज घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि स्थानीय लोगों की मदद से तीन शातिर अपराधियों को दबोच लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ कुख्यात वाहन चोर चोरी की किआ सेल्टॉस कार से बुधवार देर रात विवेक विहार अंडरपास के रास्ते निकलने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया और प्राइवेट क्रेन की मदद से अंडरपास के पास ट्रैप लगाया गया ।
जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस वैन को तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। यही नहीं, भागने के प्रयास में आरोपियों ने हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र और कॉन्स्टेबल मनीष को कुचलने की भी कोशिश की। दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
अफरातफरी के बीच बदमाशों की कार ने एक आई-20 गाड़ी को भी टक्कर मार दी और आखिरकार डिवाइडर से जा भिड़ी। इसके बाद तीनों आरोपी कार से उतरकर पैदल भागने लगे। लेकिन शोर सुनकर मौके पर जमा हुई भीड़ ने साहस दिखाया और पुलिस का साथ देते हुए तीनों बदमाशों को दबोच लिया। इस दौरान गुस्साई भीड़ ने आरोपियों की जमकर पिटाई भी कर दी।
घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए तीनों आरोपी बेहद शातिर हैं और वाहन चोरी के करीब 50 मामलों में पहले भी शामिल रह चुके हैं। इनके खिलाफ कई थानों में केस दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, लेकिन लोगों ने पुलिस के साथ खड़े होकर यह साफ कर दिया कि अपराधियों के खिलाफ लड़ाई में जनता भी पीछे नहीं हटेगी। पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: