Last Updated May - 20 - 2026, 04:01 PM | Source : Fela News
राहुल गांधी ने रायबरेली की सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए विवादित बयान दिया, जिसके बाद सियासी घमासान तेज हो गया।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक बयान ने देश की राजनीति में नया बवाल खड़ा कर दिया है. रायबरेली में आयोजित एक जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “गद्दार” तक कह दिया. राहुल के इस बयान के बाद बीजेपी ने भी जोरदार पलटवार किया है और कांग्रेस नेता पर देश का अपमान करने का आरोप लगाया है.
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने संविधान, समान अधिकार और सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि वीरा पासी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा गांधी जैसे नेताओं ने हमेशा एक ऐसे भारत की कल्पना की, जहां हर नागरिक बराबर हो और सभी को समान अधिकार मिलें. राहुल ने कहा कि देश किसी एक संगठन, विचारधारा या जाति का नहीं, बल्कि हर भारतीय का है. उन्होंने दावा किया कि संविधान में देश की जनता की आवाज बसती है और उसकी रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है.
इसी दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी और RSS पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन संगठनों ने संविधान की भावना पर हमला किया है. राहुल ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस ने देश को बेचने का काम किया है और जनता को असली मुद्दों से भटकाया जा रहा है.
अपने भाषण में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का नाम लेते हुए कहा कि जब भी बीजेपी या RSS के लोग जनता के सामने आएं, तो उनसे सवाल पूछा जाना चाहिए. राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों की वजह से देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है.
राहुल गांधी ने महंगाई और आर्थिक हालात को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश में बड़ा आर्थिक तूफान आ सकता है. उन्होंने दावा किया कि आम लोगों पर महंगाई का बोझ और बढ़ेगा, जरूरी चीजों के दाम बढ़ेंगे और किसानों को खाद जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भी संघर्ष करना पड़ सकता है.
राहुल गांधी के इस बयान के बाद बीजेपी ने तुरंत पलटवार किया. पार्टी नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का अपमान किया है. बीजेपी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की सोच “अर्बन नक्सल” जैसी हो गई है और वह पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं.
बीजेपी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस लगातार देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता के जनादेश का अपमान कर रही है. राहुल गांधी के बयान को लेकर अब सियासी घमासान और तेज होने के आसार हैं.
यह भी पढ़े