Last Updated May - 30 - 2026, 01:37 PM | Source : Fela News
दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, एमपी और राजस्थान में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों की हल्की बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से बड़ी राहत मिली है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आंधी, बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। बिहार और झारखंड में भी 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज
IMD के अनुसार, यह मौसम परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से हो रहा है। इसके चलते देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर रहने की संभावना है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं और अगले 2-3 दिनों में इसके और आगे बढ़ने की संभावना है।
यूपी-बिहार में तेज हवाओं का खतरा
उत्तर प्रदेश में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
बिहार और झारखंड में भी आंधी-तूफान और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
एमपी और राजस्थान में भी अलर्ट
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। राजस्थान के कोटा, झालावाड़, सवाई माधोपुर और टोंक समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के इंदौर, भोपाल और पन्ना सहित कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड और हिमाचल में ओलावृष्टि की चेतावनी
उत्तराखंड के चमोली, देहरादून सहित कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के सभी 10 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश का असर
आईएमडी के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 मई से 4 जून के बीच भारी बारिश की संभावना है। वहीं केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में भी लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है।
यह भी पढ़े