" /> " />
Last Updated Jun - 03 - 2025, 11:09 AM | Source : Fela News
ATS ने एक डिफेंस टेक कंपनी में काम कर रहे इंजीनियर को किया गिरफ्तार, सोशल मीडिया के ज़रिए हनीट्रैप में फंसा कर ली गई थी खुफिया जानकारी।
महाराष्ट्र ATS ने मुंबई के एक युवा इंजीनियर रवींद्र वर्मा को देशद्रोह और जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वर्मा ने भारतीय नौसेना से जुड़ी खुफिया और संवेदनशील जानकारियाँ एक पाकिस्तानी एजेंट को लीक की हैं।
ATS के अनुसार, रवींद्र वर्मा एक डिफेंस टेक्नोलॉजी कंपनी में काम करता था और फेसबुक के ज़रिए 'पायल शर्मा' नाम की एक महिला बनी पाकिस्तानी एजेंट के हनीट्रैप में फँस गया।
बताया गया है कि वर्मा ने भारतीय नौसेना के 14 वॉरशिप्स और सबमरीन की मूवमेंट और लोकेशन से जुड़ी बेहद गोपनीय जानकारियाँ साझा कीं। जांच में यह भी सामने आया है कि वर्मा को इस जानकारी के बदले कई भारतीय और अंतरराष्ट्रीय बैंक खातों के ज़रिए पैसे भी मिले थे।
ATS के अधिकारियों का कहना है कि महिला एजेंट ने भावनात्मक तरीके अपनाकर वर्मा को लंबे समय तक अपने जाल में फँसाए रखा और उससे संवेदनशील डाटा निकलवाया, जो भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बन सकता था। माना जा रहा है कि यह जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के काम आ सकती थी।
रवींद्र वर्मा पर Official Secrets Act की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और अभी इस जासूसी नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की तलाश और जांच जारी है।