Last Updated Apr - 03 - 2026, 12:10 PM | Source : Fela News
किडनी स्टोन होने पर यूरिन में खून आना क्या खतरनाक है या सामान्य? एक्सपर्ट बताते हैं कि इसके पीछे क्या कारण होते हैं और यह समस्या क्यों होती है।
किडनी स्टोन के मरीजों में पेशाब के साथ खून आना एक आम लक्षण हो सकता है, लेकिन इसे हल्के में लेना सही नहीं है। इस विषय पर सफदरजंग अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. हिमांशु वर्मा ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेशाब में खून आने की स्थिति को मेडिकल भाषा में हीमेट्यूरिया कहा जाता है और यह किडनी स्टोन के मरीजों में अक्सर देखा जाता है।
डॉक्टर के अनुसार, जब किडनी में बना स्टोन दवाओं या प्राकृतिक प्रक्रिया के जरिए शरीर से बाहर निकलता है, तो वह यूरिनरी ट्रैक्ट से होकर गुजरता है। इस दौरान स्टोन की सतह खुरदरी होने के कारण वह अंदरूनी दीवारों को रगड़ देता है, जिससे हल्की चोट लगती है। इसी वजह से खून निकलता है और वह पेशाब के साथ बाहर आता है। यह कई मामलों में इस बात का संकेत भी होता है कि स्टोन अब शरीर से बाहर निकलने की प्रक्रिया में है, खासकर जब स्टोन छोटा होता है।
हालांकि, डॉक्टर का कहना है कि एक-दो बार हल्का खून आना आमतौर पर ज्यादा खतरनाक नहीं होता, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार हो रही है या खून की मात्रा ज्यादा है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार यह केवल स्टोन की वजह से नहीं, बल्कि किडनी इंफेक्शन, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन या अन्य गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकता है।
ऐसे मामलों में डॉक्टर यूरिन टेस्ट, ब्लड टेस्ट और अल्ट्रासाउंड जैसी जांच करवाने की सलाह देते हैं, ताकि सही कारण का पता चल सके और समय पर इलाज शुरू किया जा सके। इसके अलावा यह भी जरूरी है कि मरीज अपने स्टोन के आकार और उसकी लोकेशन के बारे में पूरी जानकारी रखे।
डॉक्टर के अनुसार, सभी किडनी स्टोन अपने आप बाहर नहीं निकलते। अगर स्टोन 5 मिमी या उससे छोटा है, तो उसके प्राकृतिक तरीके से निकलने की संभावना अधिक होती है। लेकिन अगर स्टोन बड़ा है, तो दवाओं से राहत नहीं मिलती और सर्जरी या अन्य मेडिकल प्रक्रिया की जरूरत पड़ सकती है।
कुल मिलाकर, अगर किडनी स्टोन के दौरान पेशाब में खून आता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी और समय पर डॉक्टर की सलाह लेना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी गंभीर स्थिति से बचा जा सके।
यह भी पढ़े